Latest News

कोंडागांव में 3600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल, 30 हजार मानदेय की मांग को लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं

काली साड़ी पहनकर निकाली रैली, SDM कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन; जिला अध्यक्ष पुष्पा राय ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कोंडागांव, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का आंदोलन अब जोर पकड़ता नजर आ रहा है। अपनी लंबित मांगों को लेकर जिले की करीब 3600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं हड़ताल पर रहीं। गुरुवार को जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाओं ने काली साड़ी पहनकर रैली निकाली और शासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

डीएनके ग्राउंड से शुरू हुई रैली अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। रैली में शामिल महिलाएं हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर चल रही थीं। प्रदर्शन के दौरान नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि और लंबित भुगतान को लेकर नारेबाजी भी की गई।

30 हजार मानदेय और नियमितीकरण की मांग

संघ की प्रमुख मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नियमित किया जाए। नियमितीकरण होने तक 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर पदोन्नति, सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति और सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये एकमुश्त राशि देने की मांग की गई है।

वहीं पोषण ट्रैकर सहित अन्य एप पर काम करने के लिए 5G मोबाइल, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने, महतारी वंदन योजना के कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि और सितंबर-अक्टूबर 2026 का लंबित 4500 रुपये मानदेय जारी करने की मांग भी उठाई गई।

पुष्पा राय ने वीडियो बाइट में रखा संगठन का पक्ष

संघ की जिला अध्यक्ष पुष्पा राय ने मीडिया को दिए अपने वीडियो बाइट में संगठन की मांगों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों को सामने रखा। संगठन का कहना है कि लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है। इसी वजह से कार्यकर्ताओं को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

दिसंबर में होगा प्रांतीय महापड़ाव

संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर छत्तीसगढ़ सरकार कब तक फैसला लेती है।

Advertisements

लाइव टीवी

क्रिकेट लाइव

आज का मौसम

ज्योतिष

आज सोने की कीमत

अन्य खबरें

About Us

देश-दुनिया की बड़ी सुर्खियों से लेकर आपके क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर तक, हम लाते हैं प्रमाणिकता और विश्वसनीयता के साथ। सच के हर पहलू को उजागर करने के हमारे संकल्प के साथ बने रहें, क्योंकि “हम दिखाते हैं वही, जो है सही!

यह भी पढ़ें

2026 | All Rights Reserved | Publictalkies | Made By Best News Portal Development Company.